पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध ख़त्म करने को लेकर बातचीत के ख़त्म होने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने धमकी दी है कि अब अमेरिका होर्मुज़ स्ट्रेट से गुज़रने वाले हर एक जहाज़ की नाकेबंदी करेगा.
बता दें कि इस्लामाबाद में अमेरिका और ईरान के बीच शनिवार देर रात तक चली कई दौर की बातचीत बिना किसी नतीजे के ख़त्म हो गई थी.
इस्लामाबाद में रविवार सुबह 6 बजे के बाद की गई प्रेस कॉन्फ़्रेस में अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा कि “कोई समझौता नहीं हुआ है और हम अमेरिका वापस लौट रहे हैं.”
पाकिस्तान के कहने पर अमेरिका और ईरान दो हफ़्ते के संघर्ष विराम पर राज़ी हुए थे और दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडल बातचीत के लिए इस्लामाबाद आए थे. दोनों पक्षों के बीच बातचीत इस्लामाबाद के सेरेना होटल में हुई थी.
घोषणा के बाद रूस ने मध्यस्थ बनने की इच्छा जताई है. खुद रूस के राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन ने आज वार्ता बेनतीजा होने के बाद ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन से फोन पर बात की और ये ऑफर दिया. इंटरफैक्स समाचार एजेंसी ने बताया कि पुतिन ने कहा कि रूस मध्य पूर्व में शांति समझौते में सहयोग जारी रखने के लिए तैयार है. क्रेमलिन ने दोनों नेताओं की बातचीत का विवरण देते हुए बताया कि राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने संघर्ष के राजनीतिक और राजनयिक समाधान की खोज में और अधिक सहयोग देने तथा मध्य पूर्व में न्यायपूर्ण और स्थायी शांति प्राप्त करने के प्रयासों में मध्यस्थता करने की अपनी तत्परता पर जोर दिया.



