नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में शिक्षण संस्थानों और प्रदेश के प्रमुख और ऐतिहासिक स्थलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को खान मार्केट के पास बने लोक नायक भवन को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।धमकी के बाद खाली कराया परिसरबम धमकी के बारे में दिल्ली अग्निशमन सेवा को सूचित किया गया। पुलिस और संबंधित एजेंसियां मौके पर पहुंच परिसर को खाली कराया गया और कई आपात दलों को तैनात किया गया। डीएफएस ने बताया कि दोपहर 12 बजकर 35 मिनट पर धमकी से संबंधित सूचना उसे दी गई जिसके बाद दमकल की एक टीम मौके पर भेजी गई। पूरी इमारत की तलाशी ले रही एजेंसियां पुलिस ने कहा कि उसने भी अपनी टीम भेजी है जिसमें श्वान दस्ते और बम निरोधक दस्ते शामिल हैं जो इमारत की अच्छी तरह से तलाशी ले रहे हैं। दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि एहतियात के तौर पर पूरे परिसर को खाली करा लिया गया है। उन्होंने कहा कि अबतक की खोज में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है।” उन्होंने कहा तलाशी अब भी जारी है।


