पत्रकार मनोज शर्मा पर जानलेवा हमले के मामले में पुलिस आयुक्त से मिले पत्रकार, एक सप्ताह का अल्टीमेटम- कार्रवाई नहीं हुई तो होगा आंदोलन

SHARE:

अपूर्वा चौधरी बोलीं- पत्रकारों की सुरक्षा से समझौता बर्दाश्त नहीं, पीड़ित पत्रकार मनोज शर्मा ने बयां की हमले की पूरी आपबीती

गाजियाबाद। वरिष्ठ पत्रकार मनोज कुमार शर्मा पर 10 नवंबर को राजनगर क्षेत्र में हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस कार्रवाई में देरी को लेकर पत्रकारों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। सोमवार को एक्टिव जर्नलिस्ट एसोसिएशन की अध्यक्ष अपूर्वा चौधरी के नेतृत्व में दर्जनों पत्रकारों ने पुलिस आयुक्त से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी सहित निष्पक्ष जांच की मांग की। पत्रकारों ने पुलिस प्रशासन को एक सप्ताह का समय देते हुए चेतावनी दी कि निर्धारित समय में ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो पत्रकार समाज लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन शुरू करेगा।

ज्ञापन में बताया गया कि थाना कविनगर में FIR संख्या 0792/2026 दर्ज है। मामले में राजकुमार, सौरव और तीन अज्ञात व्यक्तियों को आरोपी बनाया गया है। हमले में मनोज शर्मा के चेहरे की कई हड्डियां टूटने के साथ मुंह और दांतों में गंभीर चोटें आई थीं। पत्रकारों ने मेडिकल रिपोर्ट और अन्य चिकित्सकीय साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे की धाराओं की समीक्षा कर प्रभावी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही सभी आरोपियों की गिरफ्तारी, सीसीटीवी फुटेज की जांच और पीड़ित परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई।

इस दौरान अपूर्वा चौधरी ने कहा कि एक वरिष्ठ पत्रकार पर जानलेवा हमला होना बेहद गंभीर मामला है। दुर्भाग्यपूर्ण है कि घटना के इतने दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी और पुलिस कार्रवाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने कहा, “पत्रकार समाज किसी विशेष सुविधा की मांग नहीं कर रहा है, बल्कि कानून के तहत न्याय चाहता है। यदि पत्रकार अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए सुरक्षित नहीं हैं तो यह पूरे समाज के लिए चिंता का विषय है। पुलिस प्रशासन को मामले की गंभीरता समझते हुए दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए। अब केवल आश्वासन नहीं, जमीन पर कार्रवाई दिखाई देनी चाहिए।”

पीड़ित पत्रकार मनोज शर्मा ने घटना के बारे में बताते हुए कहा कि 10 नवंबर को उन पर हमला किया गया, जिसमें उन्हें चेहरे, मुंह और दांतों में गंभीर चोटें आईं। उन्होंने बताया कि इस हमले के बाद से उन्हें शारीरिक तकलीफ के साथ मानसिक परेशानी भी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए हमलावरों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस आयुक्त ने प्रतिनिधिमंडल की बात सुनकर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। एसोसिएशन ने पुलिस प्रशासन को एक सप्ताह का समय दिया।

इस अवसर पर विपुल कुमार, राहुल कुमार, ललित चौधरी, विपिन कुमार, प्रीति मिश्रा, मुकेश गुप्ता, सुमन मिश्रा, देव कुमार वर्मा सहित दर्जनों पत्रकार मौजूद रहे। अपूर्वा चौधरी ने स्पष्ट कहा कि यदि एक सप्ताह में ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो एक्टिव जर्नलिस्ट एसोसिएशन के नेतृत्व में पत्रकार समाज आंदोलन करेगा।

Leave a Comment

Pelli Poola Jada Accessories
सबसे ज्यादा पड़ गई