बीएलओ के कार्यों की समीक्षा कर फॉर्म-6, 7 एवं 8 की प्रगति जानी, लंबित फॉर्म तत्काल संबंधित बीएलओ तक पहुंचाने के दिए निर्देश
गाजियाबाद। भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में जनपद गाजियाबाद में मतदाता सूची को शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से 21 व 22 नवम्बर तथा 28 व 29 नवम्बर 2026 को विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज 21 नवम्बर 2026 को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री रविंद्र कुमार मॉंदड़ ने जनपद के विभिन्न मतदेय केंद्रों एवं स्थलों का भ्रमण कर विशेष अभियान के तहत किए जा रहे कार्यों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ऋषभ पैराडाइज, क्लाउड-9, सेक्टर-1, वैशाली में स्थित बूथ संख्या 520 तथा निहो स्कॉटिश गार्डन के बूथ संख्या 557 के संबंधित बीएलओ के कार्यों की समीक्षा की। इसके उपरांत शिप्रा सनसिटी स्थित रिवेरा पब्लिक स्कूल केंद्र के बूथ संख्या 525 से 535 तक तथा डीपीएस स्थित बूथ संख्या 506 एवं 507 के बीएलओ के कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अन्य 6 बीएलओ से भी मुलाकात कर अभियान की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। इसके बाद केआर मंगलम स्कूल में बूथ संख्या 632 से 642 तक तथा अमेठी इंटरनेशनल स्कूल में बूथ संख्या 296 से 306 तक के बीएलओ के कार्यों का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान सभी बीएलओ के रजिस्टरों की जांच की तथा उनके द्वारा मतदाताओं को वितरित किए गए और वापस प्राप्त किए गए फॉर्म-6, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 की संख्या के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने सुपरवाइजर, एईआरओ एवं ईआरओ को निर्देशित किया कि जिस क्षेत्र में किसी एक बीएलओ के सोसाइटी अथवा गली में मतदाताओं की संख्या अधिक है और दूसरे बीएलओ के कम है तो वह क्षेत्र ज्यादा मतदाता वाले बीएलओ को दे दिया जाएं जिससे कि कार्य करने में आसानी हो सके। आवश्यकता के अनुसार मतदाताओं का कार्यभार अन्य बीएलओ को भी आवंटित किया जाए, जिससे कार्य सुचारु रूप से संपन्न हो सके और बीएलओ को कार्य करने में सुविधा रहे।
निरीक्षण के दौरान कुछ बीएलओ ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि कई मतदाताओं द्वारा अपने फॉर्म खाद्यान्न विभाग, स्वास्थ्य विभाग, औद्योगिक संगठनों एवं आवासीय संगठनों के पास जमा कराए गए हैं, लेकिन वे फॉर्म अभी तक संबंधित बीएलओ को प्राप्त नहीं हुए हैं। इस पर जिलाधिकारी ने तत्काल संबंधित अधिकारियों को मोबाइल के माध्यम से निर्देशित किया कि विभिन्न संगठनों एवं विभागों के पास जमा सभी फॉर्म शीघ्र संबंधित बीएलओ को उपलब्ध कराए जाएं, ताकि उन पर आवश्यक कार्रवाई समय से पूरी की जा सके।
इसके उपरांत जिलाधिकारी ने होटल कंट्री इन में मतदाता जागरूकता के उद्देश्य से तैयार किए गए विशेष हेल्प डेस्क का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां उपस्थित कर्मियों से जानकारी प्राप्त की कि आमजन एवं होटल में आने वाले लोगों को मतदाता सूची पुनरीक्षण तथा मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया के संबंध में किस प्रकार जागरूक किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं बीएलओ को निर्देशित किया कि विशेष अभियान के दौरान पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने तथा अपात्र एवं त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें।
इस निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान कृषि उपनिदेशक श्री आशीष कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में मीडिया बंधुओं की गरिमामय उपस्थिति रही


