
विशेष अभियान के मध्य नजर आज छह विधानसभा (एक आंशिक) निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 7,109 फार्म-6 प्राप्त
गाजियाबाद। भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में जनपद गाजियाबाद में निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के अंतर्गत छूटे हुए पात्र मतदाताओं तथा प्रथम बार मतदान के लिए पात्र युवा नागरिकों के नाम मतदाता सूची में सम्मिलित किए जाने हेतु विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान संचालित किया जा रहा है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दिनांक 17 एवं 24 अक्टूबर 2026 को विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान संचालित किया जाना निर्धारित है। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी श्री रविंद्र कुमार मॉंदड़ ने अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से दिनांक 18 एवं 25 अक्टूबर 2026 को भी विशेष अभियान संचालित करने के निर्देश दिए हैं। इस प्रकार जनपद में 17, 18, 24 एवं 25 अक्टूबर 2026 को विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान चलाया जाएगा। इन चारों तिथियों में सभी बीएलओ अपने-अपने बूथों पर उपस्थित रहकर मतदाता पंजीकरण संबंधी कार्य करेंगे। इसके अतिरिक्त मध्यवर्ती दिवसों में सभी बीएलओ घर-घर जाकर पात्र मतदाताओं का चिह्नीकरण एवं सत्यापन करेंगे, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम सम्मिलित कराने से वंचित न रहे।
दिनांक 18 अक्टूबर 2026 को प्राप्त फार्म-6 की स्थिति के अनुसार जनपद की छह विधानसभा (एक आंशिक) निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 7,109 फार्म प्राप्त हुए हैं। इनमें 6,546 फार्म ऑफलाइन तथा 563 फार्म ऑनलाइन प्राप्त हुए हैं। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रवार विवरण के अनुसार लोनी में कुल 988 फार्म प्राप्त हुए, जिनमें 795 ऑफलाइन एवं 193 ऑनलाइन हैं। मुरादनगर में कुल 1,237 फार्म प्राप्त हुए, जिनमें 1,203 ऑफलाइन एवं 34 ऑनलाइन हैं। साहिबाबाद में कुल 2,035 फार्म प्राप्त हुए, जिनमें 1,813 ऑफलाइन एवं 222 ऑनलाइन हैं। गाजियाबाद विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में कुल 1,540 फार्म प्राप्त हुए, जिनमें 1,437 ऑफलाइन एवं 103 ऑनलाइन हैं। मोदीनगर में कुल 1,165 फार्म प्राप्त हुए, जिनमें 1,160 ऑफलाइन एवं 5 ऑनलाइन हैं, जबकि धौलाना (आंशिक) विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में कुल 144 फार्म प्राप्त हुए, जिनमें 138 ऑफलाइन एवं 6 ऑनलाइन फार्म शामिल हैं।
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं बीएलओ को निर्देशित किया है कि विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान के दौरान पात्र नागरिकों, विशेषकर प्रथम बार मतदान के लिए पात्र युवाओं तथा निर्वाचक नामावली में नाम दर्ज कराने से छूटे हुए नागरिकों को फार्म-6 भरने के लिए जागरूक किया जाए। अभियान के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों की प्रक्रिया को प्रभावी ढंग से संचालित करते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने से वंचित न रहे।


