वार्ड नंबर 48, मिर्जापुर स्थित डबल टंकी पार्क के बाहर पिछले कई वर्षों से कूड़े का बड़ा अंबार लगा हुआ था। सड़क के किनारे तक कूड़ा फैला होने के कारण स्थानीय लोगों और राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। गंदगी और दुर्गंध के चलते आसपास के निवासियों का जीवन भी प्रभावित हो रहा था तथा बीमारियों के फैलने की आशंका बनी हुई थी।
समस्या की जानकारी मिलते ही शहर विधायक माननीय संजीव शर्मा जी मौके पर पहुंचे और नगर निगम के सहयोग से वर्षों से जमा कूड़े के ढेर को हटवाकर पूरे क्षेत्र में सफाई व्यवस्था करवाई। कई डंपरों के माध्यम से मिट्टी डलवाकर स्थान को समतल कराया गया।
विधायक संजीव शर्मा ने कहा कि जनता की समस्या को अपनी समस्या समझकर उसका समाधान कराना ही जनप्रतिनिधि का दायित्व है। क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाना हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि विकास केवल सड़क और नाली बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वच्छ वातावरण और बेहतर जीवनशैली उपलब्ध कराना भी विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
उन्होंने कहा कि गाजियाबाद शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए नगर निगम के साथ मिलकर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जहां वर्षों से समस्याएं बनी हुई हैं, वहां प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा। जनता को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए वह सदैव क्षेत्रवासियों के साथ खड़े हैं।
विधायक जी ने केवल सफाई तक सीमित न रहते हुए वहां पौधारोपण भी कराया। इस पहल से क्षेत्र को स्वच्छ और सुंदर बनाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी सकारात्मक कदम उठाया गया है। आने वाले समय में ये पौधे क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने और स्वच्छ हवा उपलब्ध कराने में सहायक होंगे।
वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होने पर स्थानीय निवासियों में खुशी का माहौल रहा। क्षेत्रवासियों ने विधायक संजीव शर्मा जी की इस पहल का स्वागत करते हुए उनका आभार व्यक्त किया और कहा कि विधायक जी द्वारा मौके पर पहुंचकर समस्या का तत्काल समाधान कराना सराहनीय है।
इस अवसर क्रासिंग मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी, पार्षद पूनम सिंह, देवेंद्र चौधरी,भोजपुरी नवयुवक समिति के अध्यक्ष अनिल सिंह, आर के आर्य, रनिता सिंह, अरुण सहित अनेक कार्यकर्त्ता और क्षेत्रीय निवासी उपस्थित रहे…



