नोएडा। डीसीपी साद मियां खान ने दो बड़े घोटालों का पर्दाफाश किया: 1.5 करोड़ की नकदी चोरी और अमेजन-फ्लिपकार्ट प्रोडक्ट बदलने वाला गिरोह का पर्दाफाश

SHARE:

साद मियां खान ने एक के बाद एक दो बड़े घोटालों का पर्दाफाश किया: 1.5 करोड़ की नकदी चोरी और अमेजन-फ्लिपकार्ट प्रोडक्ट बदलने वाला गिरोह का पर्दाफाश
नोएडा। डीसीपी साद मियां खान के नेतृत्व में नोएडा पुलिस ने हाल के दिनों में एक के बाद एक दो बड़े आर्थिक अपराधों का खुलासा किया है। इनमें सबसे ताजा मामला करीब 1.5 करोड़ रुपये की नकदी चोरी का है, जबकि इससे पहले अमेजन-फ्लिपकार्ट जैसे ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स के प्रोडक्ट बदलने वाले गिरोह को भी पुलिस ने धर दबोचा था।
1.5 करोड़ की नकदी चोरी का खुलासा
मंगलवार को डीसीपी साद मियां खान ने बताया कि सेक्टर-20 थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने करीब 1.60 करोड़ रुपये चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। जांच में पता चला कि पीड़ित वासुदेव ने सीए फर्म चलाने वाले आशीष के जरिए निवेश के नाम पर यह रकम दी थी। पैसा आशीष के सेक्टर-25 स्थित गैराज के लॉकर में रखा गया था।
उसी फर्म से जुड़े अवनीश कुमार ने भी 45 लाख रुपये निवेश किए थे, लेकिन रिटर्न नहीं मिला। अवनीश को लॉकर में रखी बड़ी रकम की जानकारी हो गई तो उसने पवन, जितेंद्र, सुमित, अनिल और रिश्तेदार नीशू चौहान के साथ मिलकर चोरी की साजिश रच ली। चोरी के बाद पैसा अलीगढ़ में नीशू के पास रखवा दिया गया।
पुलिस ने करीब 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों तक पहुंच बनाई। मंगलवार दोपहर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। इनके कब्जे से 1.48 करोड़ रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल ऑरा कार बरामद हुई। मुख्य आरोपी अवनीश बीएससी पास है और ट्रेडिंग फर्म में काम करता था। कुछ आरोपियों पर पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।
अमेजन-फ्लिपकार्ट प्रोडक्ट बदलने वाले गिरोह का भंडाफोड़
इससे पहले अगस्त की शुरुआत में डीसीपी साद मियां खान ने एक और संगठित गिरोह का खुलासा किया था। यह गिरोह अमेजन, फ्लिपकार्ट और अन्य ऑनलाइन कंपनियों के महंगे पार्सल डिलीवरी के दौरान बदल देता था। डिलीवरी एग्जीक्यूटिव असली प्रोडक्ट निकालकर उसकी जगह सस्ता या नकली सामान रख देते थे। ग्राहक को घटिया सामान मिलता था, जबकि असली माल बाजार में बेच दिया जाता था।
गिरोह पिछले तीन-चार महीने से सक्रिय था। पुलिस ने पांच आरोपियों—वासिद खान, सुनील कुमार, विजय सिंह, धर्मेंद्र और रघुराज सिंह—को गिरफ्तार किया। दो आरोपी फरार हैं। सेक्टर-69 के गोदाम से करीब 75 लाख रुपये का सामान बरामद हुआ, जिसमें प्रोटीन सप्लीमेंट, जूते, हियरिंग एड्स, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स, बेबी वाइप्स और कंपनियों के खाली पैकेट शामिल हैं।
डीसीपी साद मियां खान ने कहा कि दोनों मामलों में पुलिस की सतर्क कार्रवाई से बड़े आर्थिक अपराधों का खुलासा हुआ है। आगे की जांच जारी है।

Leave a Comment

Pelli Poola Jada Accessories
सबसे ज्यादा पड़ गई