गाजियाबाद। भारतीय जनता पार्टी के “12 साल बेमिसाल” अभियान के अंतर्गत राजनगर मंडल में विधायक अजीत पाल त्यागी ने 13 शक्ति केंद्र संयोजकों एवं स्थानीय नागरिकों के साथ प्रवास कर केंद्र सरकार की उपलब्धियों तथा संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा की। यह अभियान महानगर भाजपा अध्यक्ष मयंक गोयल के नेतृत्व में संचालित किया जा रहा है।
इस अवसर पर विधायक अजीत पाल त्यागी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन, सुरक्षा एवं वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने गरीब, किसान, युवा एवं महिलाओं के सशक्तिकरण को प्राथमिकता देते हुए अनेक ऐतिहासिक जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारा है। प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, हर घर जल, स्वच्छ भारत अभियान तथा मुफ्त राशन जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया है।
विधायक ने कहा कि अनुच्छेद 370 की समाप्ति, श्रीराम मंदिर निर्माण, डिजिटल इंडिया, आत्मनिर्भर भारत, वंदे भारत ट्रेनों का विस्तार, मजबूत राष्ट्रीय सुरक्षा तथा जी-20 की सफल अध्यक्षता प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और मजबूत इच्छाशक्ति का परिचायक है। आज भारत विश्व पटल पर एक सशक्त, आत्मविश्वासी और निर्णायक राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे केंद्र सरकार की जनहितकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाएं तथा समाज के प्रत्येक वर्ग को इन योजनाओं का लाभ दिलाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
बैठक में राजनगर मंडल अध्यक्ष नीरज त्यागी, पूर्व पार्षद मनबीर नागर, पार्षद प्रदीप चौधरी, पवन सहलोत, विनीत शर्मा, विष्णु शर्मा, प्रेम सुंदर, लोकेंद्र चौधरी, भागीरथ सिंह रावत, डी.के. विमल, तनु शर्मा, सागर चौधरी सहित अनेक कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे


