जिला प्रशासन की तत्परता से टला बड़ा हादसा, आग पर समय रहते पाया गया काबू

SHARE:

 

गाजियाबाद। दिनांक 29 अप्रैल 2026 को प्रातः लगभग 08:00 बजे गौर ग्रीन एवेन्यू, अभय खंड-2, इंदिरापुरम, गाजियाबाद में आग लगने की सूचना प्राप्त होते ही जिला प्रशासन द्वारा त्वरित संज्ञान लेते हुए आवश्यक आपदा प्रबंधन कार्यवाही प्रारंभ की गई।
सूचना प्राप्त होते ही मुख्य अग्निशमन अधिकारी श्री राहुल पाल के नेतृत्व में अग्निशमन विभाग की टीम द्वारा तत्काल घटनास्थल पर पहुँचकर आग बुझाने का कार्य प्रारंभ किया गया। साथ ही पुलिस बल, एसडीआरएफ एवं प्रशासनिक अधिकारियों की टीमें भी मौके पर पहुँचकर राहत एवं बचाव कार्यों में जुट गईं। विभागों की तत्पर एवं प्रभावी कार्यवाही के परिणामस्वरूप आग पर शीघ्र नियंत्रण प्राप्त कर लिया गया, जिससे संभावित जनहानि एवं व्यापक क्षति को रोका जा सका। घटनास्थल पर उपस्थित टीमों द्वारा प्राथमिकता के आधार पर भवन में फंसे निवासियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया तथा आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए गए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा एंबुलेंस एवं चिकित्सकीय टीम की तैनाती सुनिश्चित की गई, जिनके माध्यम से प्रभावित व्यक्तियों को तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया।

जिलाधिकारी श्री रविन्द्र कुमार मॉंदड़ द्वारा मौके पर ही घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को क्षति का विस्तृत आकलन कराने तथा प्रभावित परिवारों को शासन की नीतियों के अनुरूप हर संभव सहायता एवं राहत प्रदान करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, अग्निकांड के कारणों की गहन जांच के आदेश भी प्रदान किए गए हैं, जिससे भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। उन्होने प्रभावित परिवारों से वार्ता करते हुए कहा कि आपको हर संभव सहायता एवं राहत प्रदान की जायेगी। साथ ही उन्होने अपील की कि वे अग्नि सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करें जिससे ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। जिलाधिकारी महोदय ने अवगत कराया कि उक्त अग्निकांड में कुल 08 फ्लैट प्रभावित हुए हैं। आग पर पूर्ण रूप से नियंत्रण प्राप्त कर लिया गया है तथा किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। जिलाधिकारी महोदय जनसामान्य से अपील की गई है कि वे अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन करें, विद्युत एवं गैस उपकरणों का सावधानीपूर्वक उपयोग करें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल संबंधित विभाग को सूचित करें। जिला प्रशासन गाजियाबाद जनसुरक्षा हेतु पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा आपदा की प्रत्येक स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के लिए सदैव तत्पर है।

एडीएम (वित्त/राजस्व) एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण श्री सौरभ भट्ट ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में आपकी सुरक्षा, सेवा एवं सहयोग के लिए आपदा प्रबंधन, जिला प्रशासन सहित सम्बंधित सभी विभाग आपके सहयोग के लिए सदैव तत्पर हैं। अत: किसी भी आपाद ​स्थिति के लिए तुरन्त सम्पर्क किजिएगा।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी श्री राहुल पाल ने अवगत कराया कि अग्निकांड के दौरान आप टोल फ्री नम्बर 101, 112, सहित अन्य नम्बर पर सूचना दे सकते हैं। अग्निशमन टीम आपकी सुरक्षा हेतु 24×07 तत्पर है।

इस दौरान एडीएम (वित्त/राजस्व) एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण  सौरभ भट्ट, एसडीएम सदर  अरुण दीक्षित, मुख्य अग्निशमन अधिकारी श्री राहुल पाल, कार्यवाहक सीएमओ  अमित विक्रम, एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव सहित पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, एसडीआरएफ, आरडब्ल्यूए एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे

Leave a Comment