मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ की अध्यक्षता में आज महात्मा गांधी सभागार, कलेक्ट्रेट में जिला वृक्षारोपण समिति, जिला गंगा समिति एवं जिला पर्यावरण समिति की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप प्रभागीय वनाधिकारी, सामाजिक वानिकी प्रभाग, गाजियाबाद तथा समितियों के नामित एवं पदेन सदस्यों द्वारा प्रतिभाग किया गया।
अध्यक्ष महोदय द्वारा जिला वृक्षारोपण समिति की बैठक में सभी कार्यदायी विभागों को निर्देशित किया गया कि वर्ष 2024-25 में कराए गए वृक्षारोपण स्थलों का सत्यापन जिन विभागों द्वारा अभी तक नहीं कराया गया है, वे शीघ्र ही सत्यापन कार्य पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। साथ ही यह भी निर्देशित किया गया कि शासन द्वारा जनपद गाजियाबाद को कुल 8,10,735 पौधों के रोपण का लक्ष्य आवंटित किया गया है, जिसके सापेक्ष भूमि चिन्हांकन एवं अग्रिम मृदा कार्य निर्धारित टाइमलाइन के अनुसार पूर्ण कराया जाए।
जिला गंगा समिति की समीक्षा बैठक के दौरान सिंचाई विभाग एवं राजस्व विभाग को निर्देशित किया गया कि हिण्डन नदी के किनारे यदि कोई बड़ा पैच अथवा खाली भू-भाग उपलब्ध हो तो उसे पौधारोपण हेतु चिन्हित किया जाए।
जिला पर्यावरण समिति की बैठक से संबंधित एजेंडा बिंदुओं के अंतर्गत माननीय राष्ट्रीय हरित अधिकरण, नई दिल्ली में विचाराधीन ओ०ए० संख्या-958/2024, हिमांशु त्यागी बनाम स्टेट ऑफ यू०पी० एवं अन्य, के संबंध में समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान पंचायती राज विभाग, नगर निगम, समस्त नगर पालिका परिषदों एवं समस्त नगर पंचायतों को निर्देशित किया गया कि सभी तालाबों के किनारे पौधारोपण कराया जाए। साथ ही समीर एप एवं डस्ट कंट्रोल एप के अंतर्गत प्राप्त समस्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए


