जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने कहा कि मतदान करना प्रत्येक पात्र नागरिक का लोकतांत्रिक अधिकार है और इस अधिकार का प्रयोग तभी संभव है, जब उसका नाम मतदाता सूची में दर्ज हो। अतः जनपद के सभी नागरिकों से अपील है कि वे मतदाता सूची में अपना एवं अपने परिवार के सभी पात्र सदस्यों का नाम अवश्य जांचें तथा नाम दर्ज न होने की स्थिति में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन कराना सुनिश्चित करें
निर्वाचन संबंधी कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, उदासीनता अथवा अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं: जिलाधिकारी
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक बीएलओ को 350 घरों के सत्यापन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। बीएलओ द्वारा किए जा रहे कार्यों की नियमित निगरानी संबंधित सुपरवाइजर करेंगे। इसके अतिरिक्त एईआरओ एवं ईआरओ भी कार्य की समीक्षा एवं पर्यवेक्षण करेंगे, ताकि निर्धारित समयसीमा में शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित किया जा सके। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्वाचन संबंधी कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, उदासीनता अथवा अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कार्मिक के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिन अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी बीएलओ अथवा सुपरवाइजर के रूप में लगाई गई है, उन्हें निर्वाचन संबंधी दायित्वों के निर्वहन के लिए कार्यमुक्त किया जाए। यदि किसी विभागीय अधिकारी द्वारा ऐसे कार्मिकों को निर्वाचन कार्य के लिए कार्यमुक्त नहीं किया जाता है, तो संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी निर्धारित करते हुए उसके विरुद्ध भी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।




