ट्रांस हिण्डन : शालीमार गार्डन में रविवार शाम करीब साढ़े चार बजे एक युवक की नाले में गिरने से मौत हो गयी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मृतक नशे की हालत में नाले की पुलिया पर बैठा था जिससे नशे में होने के कारण उसका बैलेंस बिगड़ गया और वह नाले में गिर गया। स्थानीय निवासियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। करीब डेढ़ घण्टे की कड़ी मशक्क़त के बाद गोताखोरों की मदद से शव को नाले से निकाला गया। मृतक पुलिया पर जिस जगह बैठा था वहां से उसका बैग पुलिस को मिला जिसमे उसकी पहचान मनोज पुत्र गणेशलाल के रूप में हुई। पुलिस द्वारा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मनोज के जीजा ने बताया कि वह गाजियाबाद के एक निजी अस्पताल में वार्ड बॉय का काम करता था। मनोज थाना शालीमार गार्डन अन्तर्गत डीएलएफ कालोनी में अपने परिवार के साथ रहता था।


